जालंधर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर गोराया के गांव घुड़कां स्थित जौहल फार्म में रविवार को आयोजित लोहड़ी उत्सव इस बार खास रहा। यहां एक साथ 5,100 लड़कियों की लोहड़ी मनाकर महिला सशक्तीकरण और कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ जागरूकता का मजबूत संदेश दिया गया। इस आयोजन में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर लगातार दूसरी बार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम में पंजाबी गायक मनमोहन वारिस और हंसराज हंस, पंजाब राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन राज लाली गिल, एसपी सर्बजीत सिंह राय, एडवोकेट अश्वनी कुमार समेत कई अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। आयोजक संस्था की ओर से सभी मेहमानों को सम्मानित किया गया। जौहल फार्म पहुंचे लोगों ने लोहड़ी के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आनंद उठाया। पंजाब के विभिन्न जिलों से आए परिवारों ने अपनी बेटियों की लोहड़ी मनाकर खुशी जाहिर की। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना और कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुप्रथा के खिलाफ लोगों को जागरूक करना रहा।
इस मौके पर मुख्य अतिथि डॉ. गुरप्रीत कौर ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के बराबर ही नहीं, बल्कि कई क्षेत्रों में उनसे आगे हैं। समाज का दायित्व है कि महिलाओं के योगदान को सम्मान दिया जाए और उनके अधिकारों को और मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि 5,100 बेटियों की लोहड़ी मनाना केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना जगाने का प्रयास है, जिसका असर भविष्य में जरूर दिखाई देगा। डॉ. गुरप्रीत कौर ने महिला सशक्तीकरण को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान मंच से यह संदेश भी दिया गया कि बेटियां घर, परिवार और समाज की नींव होती हैं, इसलिए उनकी शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सभी की साझा जिम्मेदारी है।