अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत फिर से अचानक बिगड़ गई है। उन्हें इलाज के लिए अयोध्या के श्रीराम हॉस्पिटल से लखनऊ के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया।
श्रीराम हॉस्पिटल की टीम के अनुसार, महंत नृत्य गोपाल दास को यूरिन इंफेक्शन के साथ उल्टी और बुखार की समस्या भी थी। हॉस्पिटल में आवश्यक जांच के बाद डॉक्टर्स ने उन्हें लखनऊ में बेहतर उपचार के लिए रेफर किया। महंतजी के साथ मेडिकल टीम और एंबुलेंस भी रवाना हुई।
श्रीराम हॉस्पिटल के प्रशासनिक अधिकारी वाईपी सिंह ने बताया कि महंतजी की अचानक तबीयत बिगड़ने पर तुरंत उनकी जांच की गई और आवश्यक इलाज के लिए लखनऊ भेजने की सलाह दी गई। महंत के उत्तराधिकारी कमल नयन दास ने भी बताया कि मेदांता में डॉक्टरों की टीम उनके इलाज और भर्ती का निर्णय करेगी। महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत पिछले कुछ वर्षों से अस्थिर बनी हुई है। उन्हें पहले भी 2020 और सितंबर 2024 में लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है।