उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने 28 अक्टूबर को बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 46 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इन तबादलों में मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और नगर आयुक्त जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। राज्य के 10 जिलों के डीएम बदले गए हैं, जिनमें रामपुर भी शामिल है।
बालकृष्ण त्रिपाठी को सामान्य प्रशासन विभाग का सचिव बनाया गया है, जबकि राजेश प्रकाश को विन्ध्याचल का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। धनलक्ष्मी के. अब मत्स्य विभाग की महानिदेशक के रूप में कार्य करेंगी।
रूपेश कुमार को सहारनपुर का नया मंडलायुक्त बनाया गया है, जबकि भानु चंद्र गोस्वामी मेरठ मंडल की कमान संभालेंगे। मयूर माहेश्वरी को विद्युत उत्पादन निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
हाथरस के जिलाधिकारी रहे राहुल पांडेय को राज्य कर विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है, जबकि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अतुल वत्स अब हाथरस के नए जिलाधिकारी होंगे। अभिषेक आनंद को आबकारी विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है और राजागणपति आर को सीतापुर का नया डीएम बनाया गया है।
कृत्तिका ज्योत्सना को बस्ती का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है, वहीं रवीश गुप्ता पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक होंगे। रामपुर के जिलाधिकारी रहे जोगिंदर सिंह को नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। श्रावस्ती के डीएम अजय कुमार द्विवेदी अब रामपुर के नए जिलाधिकारी होंगे।
ईशा दुहन को सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है, जबकि कुमार विनीत को युवा कल्याण एवं खेल विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। पुलकित गर्ग को चित्रकूट का नया जिलाधिकारी और पूर्ण वोहरा को वाराणसी विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।सरकार का मानना है कि इन तबादलों से प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक कुशल एवं प्रभावी बनाया जा सकेगा।