नई दिल्ली }पवन हंस का एक हेलिकॉप्टर मंगलवार सुबह तकनीकी खराबी के कारण समुद्र में उतारना पड़ा। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और सभी सात लोग सुरक्षित हैं।
यह हेलिकॉप्टर अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पोर्ट ब्लेयर से मायाबंदर के लिए रवाना हुआ था। सुबह करीब 9:30 बजे उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इसमें तकनीकी समस्या आ गई। हेलिकॉप्टर में दो क्रू मेंबर और पांच यात्री सवार थे।
अधिकारियों के मुताबिक, मायाबंदर में लैंडिंग के दौरान पायलट ने एहतियातन हेलिकॉप्टर को रनवे से लगभग 300 मीटर पहले समुद्र में उतारने का निर्णय लिया। समय रहते उठाए गए इस कदम से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। तकनीकी खराबी के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
दिल्ली-लेह स्पाइसजेट उड़ान भी तकनीकी कारण से लौटी
इसी दिन एक अन्य घटना में स्पाइसजेट की दिल्ली से लेह जाने वाली उड़ान को भी तकनीकी खराबी के चलते वापस लौटना पड़ा। उड़ान संख्या SG121, जिसे बोइंग 737 विमान संचालित कर रहा था, में करीब 150 यात्री सवार थे।
एयरलाइन के प्रवक्ता के अनुसार, इंजन में तकनीकी समस्या आने के बाद विमान को एहतियातन नई दिल्ली वापस लाया गया। विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई और सभी यात्रियों को सामान्य रूप से उतार लिया गया। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि कॉकपिट में आग लगने की कोई चेतावनी नहीं मिली थी। दोनों घटनाओं में समय पर लिए गए निर्णयों से संभावित बड़े हादसे टल गए और सभी यात्री सुरक्षित रहे।