रिपोर्ट – प्रमोद झा
मैनपुरी के किशनी नगर में रविवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब थाने से महज एक किलोमीटर दूर बेखौफ नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर 10 वर्षीय किशोरी पर स्प्रे डालकर लाखों की लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। घटना किशनी नगर पंचायत के गांव पृथ्वीपुर की है, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
गांव पृथ्वीपुर निवासी कमलेश प्रजापति ट्रक चालक हैं। रविवार रात करीब आठ बजे उनकी 10 वर्षीय बेटी आस्था घर की दूसरी मंजिल पर टीवी पर रामायण सीरियल देख रही थी। उसी समय उसकी मां राखी घर के अहाते में बंधी भैंस के बच्चा देने पर बाहर गई हुई थीं। घर में अकेली बच्ची को पाकर दो नकाबपोश बदमाश अंदर घुस आए और उसे दबोच लिया। आस्था के अनुसार बदमाशों ने उसके चेहरे पर स्प्रे कर दिया, जिससे वह अर्धबेहोशी की हालत में चली गई। इसके बाद बदमाशों ने कमरे में रखी आलमारी खोलकर उसमें रखे कीमती जेवरात और नगदी समेट ली। वारदात के बाद दोनों बदमाश छत के रास्ते फरार हो गए।
कुछ देर बाद होश में आई आस्था ने किसी तरह सीढ़ियों की कुंडी खोली और बाहर निकलकर शोर मचाते हुए अपनी मां के पास पहुंची। जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि आलमारी खुली पड़ी थी और जेवरात गायब थे। पीड़ित महिला राखी ने बताया कि बदमाश दो अंगूठी, जंजीर, करधनी, पायलें, नेकलेस, तोड़ियां और नगदी लूट ले गए हैं। राखी के मुताबिक लूटे गए सामान की कीमत करीब 20 लाख रुपये है।
सूचना पर पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आंखों में स्प्रे पड़ने से किशोरी आस्था बदहवास हो गई, जिसका उपचार कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष छत्रपाल सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। फिलहाल मामले में तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।