भोपाल। सनातन धर्म के खिलाफ बोलने वालों पर भोपाल की भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने सनातन धर्म को डेंगू, मलेरिया, एड्स और कुष्ठरोग बताया है भगवान उन्हें इन बीमारियों का सुख दें।
दरअसल, प्रज्ञा ठाकुर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन और फिल्म अभिनेता प्रकाश राज के सनातन धर्म पर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रही थीं। विपक्षी गठबंधन इंडिया पर भी निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सब ठग हैं और देश की जनता को ठगने के लिए ही इकट्ठा हुए हैं।
‘भगवान उन्हें बीमारियों का सुख दें’
दरअसल, सोमवार को भोपाल की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर भेल के खिलाफ वेतन वृद्धि के लिए धरने पर बैठे ठेका श्रमिकों का धरना समाप्त कराने के लिए पहुंची थी।
भेल फाउंड्री गेट पर उन्होंने सनातन धर्म के खिलाफ बोलने वालों पर हमला बोलते हुए कहा कि सनातन धर्म ही धर्म है, बाकी तो मत और पंथ हैं। सनातन धर्म को समाप्त करने की किसी की कोई औकात नहीं है, जो कह रहे हैं कि सनातन धर्म डेंगू, मलेरिया, एड्स, कुष्ठ है। ईश्वर उन्हें इन बीमारियों का सुख दे।
राहुल गांधी धर्मी नहीं, विधर्मी हैं
उदयनिधि के साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी घेरा। सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि किसी जीव को मार करके इस तरह खा लेना, यह लोग धर्मी नहीं, विधर्मी हैं, कुछ भी कर सकते हैं।
दरअसल, हाल ही में राहुल गांधी का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह लालू यादव के साथ मटन बनाते हुए नजर आ रहे थे, उसी वीडियो के संदर्भ में प्रज्ञा ठाकुर ने यह बयान दिया। प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि कभी क्रॉस की माला पहन लेते हैं, तो कभी जनेऊ व तिलक लगा लेते हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को घेरा
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला के बयान को लेकर भी उनपर तंज कसा। सुरजेवाला द्वारा भाजपा के वोटर को राक्षस प्रवृत्ति वाला कहने पर कहा कि उनकी कोई औकात नहीं है। वह कहां के तोपचंद हैं, जो किसी को श्राप दे देंगे।
देश भारत है और भारत ही रहेगा
देश के नाम को लेकर छिड़े विवाद पर प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि अपना देश भारत है और भारत ही रहेगा, इंडिया कुछ नहीं है। इंडिया कहने से लोग भ्रमित हो रहे हैं। उन्होंने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि दुकान का नाम बदलने से काम नहीं बदल जाता है। सब ठग हैं और देश की जनता को ठगने के लिए ही इकट्ठा हुए हैं।
जी20 का किया जिक्र
भारत की अध्यक्षता में आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन का जिक्र करते हुए सांसद प्रज्ञा ठाकुर कि जी20 का आयोजन कराकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश का मान पूरी दुनिया में बढ़ाया है। देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है।
श्रमिकों को दिया आश्वासन
गौरतलब है कि सांसद प्रज्ञा ठाकुर भेल प्रबंधन के खिलाफ धरना पर बैठे श्रमिकों से मिलने के लिए पहुंची थी। यहां उन्होंने ठेका श्रमिकों का वेतन 21 हजार रुपये व अन्य मांगों को पूरा कराने संबंधी भेल प्रबंधन व केंद्र सरकार से बात करने का आश्वासन दिया।