दतिया। मप्र के दतिया जिले एक निर्माणाधीन पुल के पास नदी में डीसीएम गाड़ी (मिनी ट्रक) पलटने से 12 से अधिक लोगों की मौत की खबर है। हादसे में 30-35 लोग घायल भी बताए जा रहे हैं। सूचना पर दतिया के कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंच गए हैं। हादसे का संज्ञान गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी लिया है। वह स्थानीय अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार दतिया जिले के दुरसड़ा थाना क्षेत्र के बुहारा गांव के पास पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते वाहनों को नदी पर रपटा बनाकर निकाला जा रहा था। मंगलवार रात को लोगों से भरी एक डीसीएम वहां से गुजर रही थी, तभी अनियंत्रित होकर घुवारा नदी में गिर गई।
शुरुआत में खबर आई कि हादसे में 12 से ज्यादा लोगों की मौत हुई हैं। हालांकि, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का कहना है कि तीन बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हुई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि घटना बहुत ही दुखद है। हमारी पहली प्राथमिकता लोगों का उपचार है।
डीसीएम में सवार लोग ग्वालियर के बिलहेटी गांव के रहने वाले हैं और टीकमगढ़ के जतारा में लड़की को लेकर शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इस दौरान ये हादसा हो गया। दतिया पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित अन्य आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। लोगों को रेस्क्यू करने का काम जारी है।
तीन बच्चों सहित पांच के शव निकाले गए
हादसे का शिकार हुई डीसीएम में बच्चों और महिलाओं सहित 50-60 लोग सवार थे। अब तक पांच लोगों के शव निकाल लिए गए हैं। इनमें एक 18 साल का युवक, 65 साल की महिला, 3 बच्चे शामिल है। वहीं, 10-12 लोगों के मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
सांसद ने जताया दुख
हादसे पर कांग्रेस सांसद अरुण यादव ने दु:ख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- दतिया जिले में बुहारा नदी पर निर्माणाधीन पुल के पास मिनी ट्रक की भीषण दुर्घटना की खबर अत्यंत दुखद व पीड़ादायक है, ईश्वर से प्रार्थना है कि मृतकों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें व उनके परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।