रिपोर्ट – अरुण जायसवाल, बरेली
थाना प्रेमनगर पुलिस ने 36 वर्ष से फरार चल रहे हत्या के आरोपी प्रदीप कुमार सक्सेना को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए अपना नाम बदलकर अब्दुल रहीम रख लिया था और मुरादाबाद में परिवार के साथ रह रहा था। लंबी दाढ़ी बढ़ाकर उसने अपनी शक्ल-सूरत भी पूरी तरह बदल ली थी।
जानकारी के अनुसार वर्ष 1987 में प्रदीप ने अपने ही भाई की हत्या की थी। गिरफ्तारी के बाद वह हाई कोर्ट से पैरोल पर बाहर आया, लेकिन इसके बाद वह दोबारा जेल नहीं लौटा और तब से फरार था। बचने के लिए उसने एक मुस्लिम विधवा महिला से शादी भी कर ली थी, ताकि उसकी पहचान पर संदेह न हो। थाना प्रेमनगर पुलिस ने उच्च न्यायालय के आदेशों और तकनीकी व मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।