महाशिवरात्रि के अवसर पर जहां देशभर में शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है, वहीं उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के अनूपशहर से आस्था और सद्भाव का एक अनोखा उदाहरण सामने आया है। यहां की निवासी उजमा खान ने अपनी मन्नत पूरी होने पर कांवड़ यात्रा शुरू की है। वह गंगाजल लेकर भोला भाईपुर गांव स्थित गंगा महादेव मंदिर में जलाभिषेक करेंगी।
उजमा खान ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से एक रिश्ते में हैं और उन्होंने विवाह के लिए मन्नत मांगी थी। मन्नत पूरी होने के बाद अब वह अपने साथी लोकेंद्र सिंह से शादी करेंगी। उजमा मूल रूप से रघुपुर की रहने वाली हैं और लोकेंद्र सिंह भी उसी गांव के निवासी हैं। उजमा की दो बेटियां भी हैं। 14 फरवरी से शुरू हुई यह कांवड़ यात्रा अनूपशहर से गंगाजल लेकर चोला थाना क्षेत्र के ग्राम नैथला हसनपुर होते हुए भोला भाईपुर गांव तक जाएगी। गंगा महादेव मंदिर पहुंचकर उजमा जलाभिषेक करेंगी। यात्रा के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिसकर्मी उनके साथ चल रहे हैं। इसके अलावा हिंदू रक्षा दल और गौ रक्षा दल के कार्यकर्ता भी अनूपशहर से भोला भाईपुर तक यात्रा में उनके साथ मौजूद हैं। महाशिवरात्रि के अवसर पर यह पहल सामाजिक सद्भाव और आस्था का संदेश दे रही है।