मुजफ्फरनगर। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के मंसूरपुर थाना क्षेत्र के खुब्बापुर गांव के नेहा पब्लिक स्कूल में अल्पसंख्यक समुदाय के छात्र की अन्य छात्रों से पिटाई कराने और जातीय टिप्पणी करने वाली शिक्षिका तृप्ति त्यागी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उधर, शिक्षिका का कहना है कि वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर वायरल किया गया है।
शुक्रवार को वायरल वीडियो में शिक्षिका एक बच्चे को कक्षा में खड़ा कर अन्य बच्चों से चांटे और मुक्के लगवा रही हैं। इस 34 सेकेंड के वीडियो के बाद देशभर से प्रतिक्रियाएं आने लगीं।
यह था पूरा मामला
खुब्बापुर गांव के नेहा पब्लिक स्कूल में शिक्षिका तृप्ति त्यागी ने पांच का पहाड़ा नहीं सुनाने पर अल्पसंख्यक समुदाय के यूकेजी के छात्र की सहपाठियों से बेरहमी से पिटाई करा दी। इसी दौरान जातीय टिप्पणी भी की गई। प्रकरण के दौरान पीड़ित छात्र के पारिवारिक सदस्य ने वीडियो बना ली। वीडियो के वायरल होते ही देशभर से प्रतिक्रियाएं आने लगी और शिक्षिका की गिरफ्तार की मांग उठ रही है।
वीडियो से छेड़ाछाड़, बच्चे को पिटवाकर गलती की
आरोपी शिक्षिका तृप्ति त्यागी का कहना है कि वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है। बच्चे की इस तरह बच्चों से पिटाई कराना गलत है। यह किसी रंजिश में नहीं किया। दिव्यांग हूं, कुर्सी से नहीं उठा जा रहा था, इस वजह से बच्चों से पिटाई करा दी। अल्पसंख्यक समुदाय के बच्चों की मां उन्हें लेकर मामा के यहां चली जाती हैं, जिससे पढ़ाई का नुकसान होता है।
कानूनी कार्रवाई की जाएगी : डीएम
डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी का कहना है कि मुकदमा दर्ज कराया गया है। बच्चे की काउंसिलिंग कराई जा रही है। दूसरी ओर पीड़ित बच्चे के पिता इरशाद ने कहा कि गांव में भाईचारा बना रहे, जो भी कानूनी कार्रवाई हो, वह शिक्षिका पर हो।