पटना। बिहार में आज महागठबंधन सरकार का टूटना लगभग तय है। सूत्रों के हवाले से बताया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज राज्यपाल से मिलने का समय मांगा है। नीतीश किसी भी वक्त इस्तीफा दे सकते हैं और भाजपा के साथ मिलकर सरकार बना सकते हैं।
सियासी संकट के बीच आरजेडी भी लगातार बैठक बुला रही है। सूत्रों के हवाले से यह भी खबर है कि आरजेडी सरकार बचाने के लिए जीतन राम मांझी को बड़ा ऑफर दे सकती है। हालांकि, अभी आधिकारिक तौर जानकारी का आना बाकी है।
नीतीश के आवास पर पहुंचे जेडीयू विधायक
जेडीयू विधायक बैठक के लिए सीएम नीतीश कुमार के आवास पर पहुंचने लगे। एक विधायक का कहना है कि मुझे नहीं पता कि बैठक किस बारे में है। अंदर जो भी चर्चा होगी हम आपको बताएंगे। वहीं खबर आ रही है कि थोड़ी देर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यपाल से मिलने जाएंगे।
शपथ ग्रहण समारोह में सम्मिलित होंगे जेपी नड्डा
बिहार में NDA (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) की नई सरकार एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में दोपहर बाद शपथ लेगी। 10 बजे बाद भाजपा विधायकों के समर्थन पत्र को पार्टी नेतृत्व नीतीश कुमार को सौंपेगा। इसके बाद नीतीश कुमार महागठबंधन के नेता एवं मुख्यमंत्री पद से त्यात्र पत्र देकर राज्यपाल से नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
दोपहर बाद नई सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व में शपथ लेगी। ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी बनने विशेष विमान से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी पटना पहुंच रहे हैं। नड्डा चिराग पासवान को साथ लेकर पटना आ रहे हैं । दोपहर तीन बजे उनका पटना आने का कार्यक्रम है। रात नौ बजे वापस लौट जाएंगे।
रविवार को भाजपा एवं जदयू कोटे से दो- दो मंत्रियों को पद की शपथ दिलाई जाएगी। एक विधायक को जीतनराम मांझी की पार्टी से मंत्री बनाया जाएगा।