कोलकाता। बिहार की सियासत के लिए आज बेहद अहम दिन रहने वाला है। सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि आज बिहार में महागठबंधन सरकार कभी भी गिर सकती है। बस मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के घोषणा का इंतजार है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के I.N.D.I गठबंधन छोड़ने और भाजपा के साथ फिर से जुड़ने की चर्चाओं के बीच बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि जदयू प्रमुख के बाहर निकलने से विपक्षी गठबंधन पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा।
ममता ने कहा कि मुझे लगता है कि नीतीश कुमार ने बिहार के लोगों की नजर में अपनी विश्वसनीयता खो दी है। अगर वह इस्तीफा देते हैं तो राजद नेता तेजस्वी यादव के लिए बिहार में सुचारू रूप से काम करना आसान हो जाएगा। इसी के साथ ममता ने फिर दोहराया कि उनकी पार्टी TMC बंगाल में आगामी लोकसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। ममता ने यह भी दावा किया कि हाल में उनके द्वारा अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का उनके पास कोई फोन नहीं आया है।
नीतीश के भाजपा से मिलने की चर्चा
बता दें कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार के भाजपा के साथ दोबारा मिलने की चर्चा के बीच राज्य में महागठंधन टूटने की कगार पर लग रहा है। इससे पहले कल नीतीश कुमार राजभवन पहुंचे थे, लेकिन उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव नहीं पहुंचे थे। जिसके बाद अटकलों को और बल मिल गया।
वहीं 26 जनवरी के एक कार्यक्रम में नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव के बीच दूरी भी देखी गई। एक तस्वीर वायरल हुई थी जिसमें दोनों को एक दूसरे से 5 फीट की दूरी पर खड़ा देखा गया।