नोएडा। नोएडा के सेक्टर-107 में वेलेंटाइन डे के दिन एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां खड़ी एक कार के भीतर युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों के शरीर पर गोली लगने के निशान पाए गए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार को घेराबंदी कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले युवती को गोली मारी और बाद में खुद को भी गोली मार ली। युवक के हाथ में एक पिस्टल बरामद हुई है, जिससे इस संभावना को बल मिल रहा है। घटनास्थल से कारतूस भी मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान रेखा (निवासी सेक्टर-58, नोएडा) और सुमित (निवासी त्रिलोकपुरी, दिल्ली) के रूप में हुई है। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आ रही है। वेलेंटाइन डे के मौके पर हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम की पुष्टि हो सकेगी। मामले की गहन जांच जारी है।