हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग में NTPC केरेडारी के डिप्टी जनरल मैनेजर कुमार गौरव की शनिवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। वो बिहार के नालंदा के रहने वाले थे। अज्ञात बदमाशों ने कुमार गौरव की गाड़ी घेरकर उन्हें गोलियों से छलनी कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार NTPC के DGM कुमार गौरव पर हमला उस समय हुआ जब वो शनिवार सुबह अपने ऑफिस के लिए घर से निकले थे। वो ऑफिस की स्कॉर्पियो में सवार थे। उसी दौरान हजारीबाग के कटकमदाग थाना क्षेत्र के फतहा के पास अज्ञात बदमाशों ने उनपर फायरिंग कर दी। बताया जाता है कि गोली कुमार गौरव के पीठ में लगी।
गोलीबारी देख हरकोई दंग रह गया। जब तक इलाके का कोई व्यक्ति कुछ समझ पाता बदमाश गोली मारकर मौके से भाग निकले। आनन-फानन में घायल गौरव कुमार को अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।