रोहतक। हरियाणा के रोहतक में भाजपा युवा मोर्चा की ओर से मंगलवार को युवा सदस्यता ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। यहां एबीवीपी व विभिन्न संगठनों से जुड़े सैकड़ों युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने युवाओं काे पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराते हुए देश की उन्नति में भागीदारी का आह्वान किया।
सीएम ने कहा कि कांग्रेस में युवाओं का इस्तेमाल हुआ। उनके हित में काम नहीं हुए। प्रदेश में युवाओं को कौशल देकर आगे बढ़ाया है। युवाओं को अपना काम शुरू करने लायक बनाया है। यहां युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्य, युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष योगेंद्र शर्मा व प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली व अन्य नेता भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने युवाओं को बिना पर्ची-खर्ची नौकरी देकर विश्वास बनाया है। आम परिवार का बच्चा भी अब एचसीएस अधिकारी लगने लगा है। पार्टी युवाओं का सम्मान बढ़ाने का काम कर रही है। पूर्व सरकारों में युवाओं में हीन भावना बन गई थी। भाजपा के प्रयास से खेलों में युवा नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। युवाओं का पार्टी में विश्वास बढ़ा है, इसलिए विभिन्न संगठनों से जुड़े युवा भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने पहुंचे हैं।