रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित और दूरदराज के इलाकों में डिजिटल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार 4000 नए बीएसएनएल टॉवर लगाने की योजना पर काम कर रही है। यह जानकारी केंद्रीय ग्रामीण विकास और दूरसंचार राज्यमंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्र शेखर ने रायपुर में दी। उन्होंने बताया कि इन टावरों की स्थापना सुरक्षा एजेंसियों और वन विभाग की मंजूरी मिलने के बाद चरणबद्ध तरीके से की जाएगी।
राजधानी रायपुर में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने यह जानकारी दी। इस बैठक में ग्रामीण विकास, डाक और दूरसंचार विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और अन्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं ग्रामीण इलाकों में आधारभूत ढांचे को सशक्त बना रही हैं और आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
इससे पहले डॉ. शेखर ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में मुलाकात की। दोनों के बीच राज्य में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के समन्वित क्रियान्वयन, आदिवासी अंचलों में संचार व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा जमीनी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास नीति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
मिशन मोड में विकास और डिजिटल शिक्षा पर जोर
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को मिशन मोड में लागू किया जा रहा है। सरकार की मंशा है कि हर सेवा लोगों के घर तक पहुंचे। इन इलाकों के स्कूलों में डिजिटल संसाधनों की व्यवस्था की जा रही है, जिससे छात्र अब जेईई, नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकें। इसके साथ ही दिव्यांग छात्रों के लिए भी विशेष सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं, जो समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।