पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार का दृष्टिकोण सरल और स्पष्ट है—नीतिगत स्थिरता, तेज़ निर्णय-प्रक्रिया तथा निवेशकों के समय और विश्वास का सम्मान करने वाली शासन प्रणाली के माध्यम से पंजाब को वैश्विक उद्योग के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाया जाएगा। अपने विदेश दौरे के अंतिम दिन, दक्षिण कोरिया में पंजाब सरकार द्वारा आयोजित इन्वेस्टमेंट रोड शो को कई प्रमुख कंपनियों का समर्थन मिला और उनके प्रतिनिधियों ने पंजाब में निवेश को लेकर गहरी रुचि व्यक्त की।
व्यापारिक नेताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पंजाब को स्थिर, पारदर्शी और भविष्य के निवेश के लिए पूरी तरह तैयार राज्य के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि पंजाब का मजबूत औद्योगिक इको-सिस्टम, विश्वसनीय व किफायती बिजली, कुशल एवं मेहनती श्रमिक बल और बड़े बाजारों से सुगम संपर्क इसे निवेश के लिए सबसे आकर्षक विकल्प बनाते हैं।
मुख्यमंत्री मान के अनुसार, पंजाब का विकास दृष्टिकोण दक्षिण कोरिया के साथ प्रौद्योगिकी, नवाचार और परस्पर लाभकारी सहयोग पर आधारित है। उन्होंने कहा कि पंजाब साहस, मेहनत, उद्यमिता, रचनात्मकता और सामुदायिक सौहार्द की धरती है, जिसने हमेशा देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आज राज्य ने अपने बुनियादी ढांचे को और मजबूत किया है, औद्योगिक क्षमता का विस्तार किया है और निवेश के नए अवसरों के द्वार खोले हैं।
मुख्यमंत्री ने निवेशकों को 13 से 15 मार्च तक आईएसबी मोहाली कैंपस में आयोजित होने वाले छठे प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर समिट में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए निवेश न केवल युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित करेंगे, बल्कि राज्य की आर्थिक प्रगति को भी गति देंगे। दक्षिण कोरियाई निवेशकों को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।