चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तरफ से मंगलवार को म्युनिसिपल भवन में नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। दोपहर 12 बजे इस संबंध में समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 417 युवाओं को ये नियुक्ति पत्र सौंपे। विभाग की तरफ से हाल ही में अलग-अलग विभागों में इन युवाओं की नियुक्ति की गई है।
इस दौरान नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं सो संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि अगर किसी को अपने डिग्री के मुताबिक देश व प्रदेश में नौकरी मिले तो कौन बाहर (विदेश) जाना चाहेगा। इन दिनों इंग्लैंड में इमीग्रेंट के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इंग्लैंड के हर शहर में दंगे चल रहे हैं। इसलिए हमें अपना देश में सुधार करना है। दूसरे देश में जाकर क्या फायदा।
सीएम मान ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब की पूर्व कांग्रेसी और अकाली दल सरकारों ने पंजाब के लोगों के लिए कुछ नहीं किया। कैप्टन और सुखबीर बादल असल मुद्दों से भागते रहे। न ही कांग्रेस सरकार में और न ही शिअद ने लोगों के काम किए। इसलिए लोगों ने उन्हें सता से भगा दिया। सुखबीर बादल ने 25 साल तक पंजाब में राज किया। अब हालात यह हैं कि सुखबीर 25 लोगों को भी इकट्ठा नहीं कर पा रहा है।