पंजाब सरकार ने राज्य में बढ़ते गन कल्चर को देखते हुए हजारों हथियार लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की है। रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब पुलिस ने सरकार को करीब 7,000 हथियार लाइसेंस रद्द करने का प्रस्ताव दिया है। इससे पहले मार्च 2023 में सरकार ने 803 लाइसेंस रद्द किए थे। वर्तमान में पंजाब में लगभग 3.46 लाख लाइसेंसधारक हैं, जिनके पास कुल मिलाकर लगभग 4.3 लाख पंजीकृत हथियार हैं।
डीजीपी अर्पित शुक्ला ने बताया कि कई हथियारधारक सोशल मीडिया पर अपने हथियारों का प्रदर्शन कर रहे हैं और शादियों या अन्य कार्यक्रमों में जश्न के दौरान फायरिंग कर रहे हैं। कई मामलों में इन हथियारों का इस्तेमाल अपराधी गतिविधियों में भी देखा गया है। इसी कारण सरकार ने बड़े पैमाने पर लाइसेंस रद्द करने की तैयारी की है।
पंजाब में हथियारों का आंकड़ा देश में सबसे अधिक है। राज्य की जनसंख्या देश की कुल आबादी का केवल 2% है, लेकिन देश के कुल लाइसेंसधारक हथियारों का लगभग 10% पंजाब में हैं। पुलिस के अनुसार बढ़ते गन कल्चर और समारोहों में फायरिंग से होने वाली मौतों के मद्देनजर यह कदम आवश्यक है।