पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने साफ कहा है कि राज्य के हिस्से के पानी की एक बूंद भी हरियाणा को नहीं दी जाएगी। पटियाला में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने कानूनी लड़ाई लड़कर भाखड़ा नहर के पानी में पंजाब का 25 फीसदी हिस्सा वापस हासिल किया है, जिसे पहले की सरकारों के दौरान हरियाणा को दिया जा रहा था।
सीएम मान ने कहा कि अब यह पानी पंजाब के किसानों के हित में इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग खुद को जल का रक्षक बताते हैं, उन्होंने कभी जल संरक्षण की दिशा में ठोस काम नहीं किया, जबकि उनकी सरकार हर बूंद पानी बचाने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के दूरदराज इलाकों तक पानी पहुंचाने के लिए 18,349 नहरों की मरम्मत और सुधार कार्य किया गया है, जिनकी कुल लंबाई करीब 6900 किलोमीटर है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना और जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करना है।