नई दिल्ली। दिल्ली के जनकपुरी इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने नगर निगम और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सड़क पर खोदे गए गड्ढे में गिरने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कमल के रूप में हुई है, जो एचडीएफसी बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और कैलाशपुरी इलाके के निवासी थे।
परिजनों के मुताबिक, कमल देर रात रोहिणी स्थित अपने कार्यालय से घर लौट रहे थे। रास्ते में वे लगातार परिवार से फोन पर संपर्क में थे, लेकिन काफी देर तक घर नहीं पहुंचे। आशंका होने पर परिजन उन्हें तलाशने निकले, मगर रात भर कोई सुराग नहीं मिला। सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस का फोन आया, जिसके बाद इस हादसे की जानकारी मिल सकी।
मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि कमल अपनी बाइक सहित सड़क पर बने गहरे गड्ढे में गिरे हुए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई, वहां दिल्ली जल बोर्ड का कार्य चल रहा था और सड़क को खोदकर छोड़ दिया गया था। न तो वहां किसी तरह की बैरिकेडिंग थी और न ही चेतावनी संकेत लगाए गए थे।
यह हादसा कैबिनेट मंत्री आशीष सूद के विधानसभा क्षेत्र में हुआ है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश है। उन्होंने संबंधित विभागों की लापरवाही को मौत की वजह बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि सड़क निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।