बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक गांव में शादी की सभी रस्में धूमधाम से पूरी होने के बाद विदाई से ठीक पहले दूल्हे को लेकर बड़ा खुलासा हो गया। जानकारी सामने आई कि दूल्हा किन्नर है। यह बात सामने आते ही मौके पर अफरातफरी मच गई और कई बाराती वहां से खिसक गए।
कोठी थाना क्षेत्र का मामला
बताया जा रहा है कि यह मामला कोठी थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां रामसनेहीघाट क्षेत्र से बारात आई थी। द्वारचार से लेकर फेरे तक सभी वैवाहिक रस्में पूरी कर ली गई थीं। विदाई की तैयारी चल रही थी, तभी नेग लेने के लिए कुछ किन्नर वहां पहुंचे।
नेग के दौरान हुआ खुलासा
नेग लेने के दौरान किन्नरों ने दूल्हे को पहचान लिया और उसके बारे में जानकारी साझा की। इसके बाद लड़की पक्ष ने दूल्हे से सीधे सवाल किए। पूछताछ में दूल्हे ने खुद अपनी असलियत स्वीकार कर ली। यह सुनते ही शादी समारोह में मौजूद लोगों के बीच सनसनी फैल गई।
खर्च लेकर लौटाई बारात
हालांकि, स्थिति को संभालते हुए लड़की पक्ष ने मौके पर हंगामा नहीं किया। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद निर्णय लिया गया कि शादी में हुए खर्च की राशि वापस की जाएगी और बारात को लौटा दिया जाएगा। इसके बाद बारात बिना विदाई के वापस लौट गई। यह अनोखा मामला अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय स्तर पर लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।