रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रचंड जीत दर्ज करने के बाद राज्य में मुख्यमंत्री के लिए जारी मंथन रविवार को थम गया। पार्टी ने विष्णुदेव साय को कमान सौंप दी है। साय कुनकुरी विधानसभा सीट से विधायक हैं।
संघ के करीबी नेता संभाल चुके हैं प्रदेश अध्यक्ष की कमान
आदिवासी समाज से आने वाले विष्णुदेव साय को भाजपा ने साल 2020 में प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी थी। छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय चार बार सांसद, दो बार विधायक, केंद्रीय राज्य मंत्री और दो बार प्रदेशाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा उन्हें संगठन में काम करने का अच्छा खासा अनुभव है। साय की गिनती संघ के करीबी नेताओं में भी होती है।
वह पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के बेहद करीबी भी माने जाते हैं। साल 2014 में केंद्र में भाजपा की सरकार आने के बाद उन्हें केंद्रीय मंत्री भी बनाया गया था। मालूम हो कि राज्य में अजित जोगी के बाद कोई भी दूसरा आदिवासी समुदाय से मुख्यमंत्री नहीं बना था।
किसान परिवार में हुआ था जन्म
साय का जन्म 21 फरवरी 1964 को जशपुर जिले के बगिया गांव में एक किसान परिवार में हुआ था। उन्होंने 10वीं तक की पढ़ाई कुनकुरी स्थित लोयोला हायर सेकेंडरी स्कूल से की है। साय का राजनीतिक कैरियर सरपंच के तौर पर शुरू हुआ। जहां वे बगिया गांव के निर्विरोध सरपंच चुने गए।
25 हजार से ज्यादा वोट से जीता चुनाव
विष्णुदेव साय कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी यूडी मिंज से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। उन्होंने 25,541 वोट के अंतर से यह चुनाव जीता है। विष्णुदेव साय को चुनाव में 87604 वोट मिले हैं। मालूम हो कि छत्तीसगढ़ की 90 में से 54 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस महज 35 सीटों पर ही सिमट गई।