छत्तीसगढ़। भारत के विभिन्न राज्यों में नक्सलियों के सफाए के लिए सुरक्षाबलों का ऑपरेशन लगातार जारी है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के बीजापुर और कांकेर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में 18 नक्सलियों को ढेर कर दिया गया है। वहीं, एक अन्य अभियान में कांकेर जिले में 4 नक्सली मारे गए हैं। हालांकि, दुख की खबर ये भी है कि इस ऑपरेशन में जिला रिजर्व गार्ड के एक जवान ने भी जान गंवा दी है।
इससे पहले पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को जानकारी दी थी कि बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो रही है। पुलिस के मुताबिक, बीजापुर के गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीजापुर और दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है।
पुलिस के मुताबिक, बीजापुर में मुठभेड़ तब शुरू हुई जब सुरक्षाबलों की एक संयुक्त टीम गंगालूर थाना क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान पर थी। सुबह सात बजे से नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच इलाके में काफी देर तक रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। इसके बाद 18 नक्सलियों को ढेर कर दिया गया।
अधिकारियों ने जानकारी दी है कि नक्सलियों से मुठभेड़ में बीजापुर जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के एक जवान ने अपनी जान गंवाई है। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद के साथ दो नक्सलियों का शव बरामद किया है। अधिकारियों के मुताबिक, इलाके में मुठभेड़ और तलाश अभियान जारी है।