लखनऊ। उप्र की राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में में समाजवादी पार्टी के पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य पर जूता फेंकने का मामला सामने आया है। एक युवक ने सपा नेता पर जूता फेंका।
इससे सम्मेलन में हंगामा मच गया। सपा कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। युवक की पहचान आकाश सैनी के रूप में हुई है। उसका कहना है कि वह हिंदू धर्म के बारे में की गई स्वामी प्रसाद मौर्य की टिप्पणियों से आहत था।
मौर्य पर हमला करने वाले आकाश सैनी नाम के इस युवक ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य के हालिया बयानों से वह दुखी था। वह पूजा-पाठ करने वाला व्यक्ति है। मौर्य ने इस प्रकार के बयानों से हमें दुखी किया। इसलिए, हमने अपना विरोध जताया। पुलिस उसे सपा कार्यकर्ताओं से बचाकर विभूतिखंड थाने ले गई है। हमला करने वाला युवक वकील के वेशभूषा में था। मामले में पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि स्वामी प्रसाद मौर्य बीते कुछ समय से हिंदू धर्म को लेकर विवादित टिप्पणी कर रहे हैं जिसके कारण वह सत्तारूढ़ दल भाजपा सहित कई धर्मगुरुओं के निशाने पर हैं। उन्होंने रामचरितमानस की चौपाइयों पर सवाल उठाए और अनर्गल टिप्पणियां की हैं। यूपी विधानसभा चुनाव 2022 से पहले वह भाजपा सरकार में मंत्री थे। हालांकि, चुनाव पूर्व वह सपा में शामिल हो गए थे।