रिपोर्ट – अवनीश तिवारी
सीतापुर : सीतापुर जनपद से मानवता और संवेदनशीलता की एक मिसाल सामने आई है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में सीतापुर के जिलाधिकारी राजा गणपति आर. आधी रात भीषण ठंड और शीतलहर के बीच प्रशासन द्वारा किए गए रैन बसेरों और अलाव की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते दिखाई दे रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान सीतापुर बस स्टॉप पर उन्हें एक बच्चा सड़क पर घूमता हुआ मिला, जो कंबल लेने वहां पहुंचा था। जिलाधिकारी ने बच्चे से बातचीत की और पूछा कि इतनी रात में वह यहां क्या कर रहा है। बच्चे ने बताया कि चाचा ने उसे घर से भगा दिया है और वह यहीं सड़क पर रहता है | जब जिलाधिकारी ने पढ़ाई के बारे में पूछा तो बच्चे ने कहा कि चाचा मारते हैं और पिता शराब पीते हैं, इसलिए वह स्कूल नहीं जा पाता।
इस पर जिलाधिकारी ने बच्चे से कहा, “मैं तुम्हें पढ़ने के लिए स्कूल भेजूंगा, क्या तुम पढ़ोगे?”बच्चे ने जवाब दिया – “हां, पढ़ूंगा। इसके बाद जिलाधिकारी ने अपने साथ मौजूद नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) को बच्चे की पढ़ाई और देखभाल की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिलाधिकारी ने बच्चे को स्वयं कंबल पहनाया। करीब 41 सेकंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग जिलाधिकारी के सरल स्वभाव, संवेदनशीलता और दरियादिली की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं।