उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से वैलेंटाइन डे के दिन एक दर्दनाक मामला सामने आया है। टैगोर टाउन इलाके में 17 वर्षीय किशोर आशुतोष प्रताप गिरी उर्फ अमन का शव कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। बताया जा रहा है कि आशुतोष एनडीए की तैयारी कर रहा था। उसका प्रतापगढ़ की एक युवती से प्रेम संबंध था, जो हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। दोनों के बीच हाल ही में अनबन हुई थी। परिजनों का आरोप है कि इसी तनाव के चलते यह घटना हुई।
घटना की सूचना मिलने पर जार्ज टाउन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। परिवार का कहना है कि मामला आत्महत्या का नहीं, बल्कि संदिग्ध है। उनका दावा है कि जब किशोर का शव फंदे से लटका मिला, तब उसके दोनों पैर नीचे की ओर मुड़े हुए थे, जिससे उन्हें संदेह हो रहा है। परिजनों ने युवती और उसके कुछ दोस्तों पर ब्लैकमेलिंग, मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए हैं।
मृतक के पिता के अनुसार, लड़की ने आशुतोष के मोबाइल पर कथित रूप से संदेश भेजा था, जिसमें “मर जाओ” जैसे शब्द लिखे थे। पुलिस को एक पत्र भी मिला है, जिसमें संबंध खत्म करने की बात कही गई है। जांच के तहत पुलिस आशुतोष के मोबाइल फोन से व्हाट्सऐप चैट और कॉल रिकॉर्डिंग की पड़ताल कर रही है। परिजन न्याय की मांग को लेकर जार्ज टाउन थाने पहुंचे और कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
