बिहार में विधानसभा चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है। करीब एक महीने से सभी राजनीतिक दल लगातार रैलियों और सभाओं के जरिए मतदाताओं को लुभाने में जुटे हैं। इस बीच राजद (RJD) के नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के चेहरे तेजस्वी यादव का 36वां जन्मदिन भी आज मनाया जा रहा है।
पटना में RJD कार्यालय और शहर के विभिन्न हिस्सों में तेजस्वी यादव के जन्मदिन पर पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें उन्हें “सीएम ऑफ बिहार” बताया गया है। सुबह से ही पार्टी कार्यकर्ता पटना स्थित राजद कार्यालय और उनके आवास के बाहर जुटे हुए हैं। समर्थक ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मना रहे हैं और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं।
तेजस्वी यादव ने इस मौके पर कहा कि बिहार की जनता इस बार बदलाव के मूड में है। उन्होंने कहा, “आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है और पूरे राज्य से हमें जनता का भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है। लोग बदलाव के लिए वोट कर रहे हैं। प्रधानमंत्री हों या केंद्र के मंत्री, कोई भी 65% आरक्षण के मुद्दे पर बात नहीं कर रहा।”
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि बिहार को शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दों पर काम की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार में असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।बिहार में दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होना है।