नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में एक बार फिर रफ्तार ने जान ले ली। दिल्ली के वेस्ट दिल्ली स्थित सुभाष नगर इलाके में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार डिलीवरी बॉय को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह 3 बजे हुआ दर्दनाक हादसा
पुलिस के मुताबिक, घटना तड़के करीब 3 बजे की है। डिलीवरी बॉय अपने बाइक से ऑर्डर पहुंचाने जा रहा था, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक कई फीट दूर जा गिरा और गंभीर चोटों के चलते उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
ड्राइवर पर नशे में गाड़ी चलाने का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कार चालक नशे की हालत में था और वाहन को लापरवाही से चला रहा था। हालांकि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह शराब या अन्य नशे के प्रभाव में था या नहीं।
घटना का वीडियो आया सामने
हादसे के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टक्कर की भयावहता देखी जा सकती है। कार और बाइक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद इलाके में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी चालक से पूछताछ जारी है।