भोपाल। मध्य प्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान से एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। दक्षिण अफ्रीका से लाई गई मादा चीता गामिनी ने 18 फरवरी 2026 को तीन शावकों को जन्म दिया है। यह गामिनी का दूसरा प्रसव है, जिससे संरक्षण अभियान को नई मजबूती मिली है।
भारतीय धरती पर यह चीतों का नौवां सफल प्रसव है। इन नए शावकों के जन्म के साथ ही भारत में जन्मे जीवित शावकों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है, जबकि देश में चीतों की कुल संख्या अब 38 तक पहुंच गई है। यह उपलब्धि भारत के ऐतिहासिक और दृढ़ वन्यजीव संरक्षण प्रयासों का सशक्त प्रतीक मानी जा रही है।
वर्तमान में तीन चीते गांधीसागर अभयारण्य (मंदसौर) में हैं, जबकि शेष चीते कूनो राष्ट्रीय उद्यान में संरक्षित हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, यह लगातार हो रही सफल प्रजनन घटनाएं भारत में चीतों के पुनर्वास कार्यक्रम की सफलता को दर्शाती हैं और आने वाले समय में उनकी संख्या और स्थिरता बढ़ने की उम्मीद जगाती हैं।