सतना। लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा के खिलाफ बने विपक्षी आइ.एन.डी.आई. गठबंधन में शामिल राजनेताओं के बीच चुनाव से पहले ही खाई लगातार बढ़ती जा रही है। सपा नेता अखिलेश यादव लगातार कांग्रेस पार्टी को खरी-खरी सुना रहे हैं।
जाति जनगणना समाज का एक्स-रे: राहुल गांधी
मप्र, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव प्रचार के दौरान वादा किया है कि अगर राज्य में कांग्रेस की सरकार बनी तो राज्यों में जाति जनगणना कराई जाएगी। राहुल गांधी ने जाति जनगणना को समाज का एक्स-रे करार दिया।
कांग्रेस नेता देशभर में जाति जनगणना कराने की वकालत करते हुए मोदी सरकार को घेर रहे हैं। हालांकि, जाति जनगणना को लेकर कांग्रेस पर सबसे ज्यादा हमला सपा नेता अखिलेश यादव कर रहे हैं।
राहुल गांधी पर साधा निशाना
मध्य प्रदेश के सतना में चुनावी रैली के दौरान जब अखिलेश यादव से राहुल गांधी के इस बात को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने पिछली यूपीए सरकार को ही निशाने पर ले लिया।
अखिलेश यादव ने कहा, “जब एक्स-रे का टाइम था तब तो केंद्र में बैठी यूपीए सरकार ने नहीं किया। आज सीटी स्कैन और एमआरआई का समय है। यह कांग्रेस पार्टी ही जिसने आजादी से लेकर अब तक जाति जनगणना कराने के खिलाफ रहे।
अब तक जाति जनगणना क्यों नहीं कराई?
सपा प्रमुख ने कहा,”यदि पहले ही एक्स-रे हो गया होता तो इतनी बड़ी खाई नहीं होती। पांच फीसदी लोगों के पास देश की 60 फीसदी दौलत चली गई। यह कैसे हुआ और किसने किया? आज एमआरआई की जरूरत है।”
पूर्व CM ने कहा मुझे पूरा भरोसा है कि जब समाजवादियों को मौका मिलेगा तो सबसे पहले जाति जनगणना कराई जाएगी। संसद में मुलायम सिंह यादव, लालू यादव, शरद यादव जैसे नेता जाति जनगणना की मांग करते रहे लेकिन कांग्रेस ने गणना नहीं कराई।