मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। नगला देविया मोड़ पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में कार सवार सभी युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी युवक एक शादी समारोह से लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार, रात करीब 9 बजे चार युवक कार से जा रहे थे। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार अधिक थी। नगला देविया मोड़ पर चालक मोड़ का अंदाजा नहीं लगा सका और कार सड़क किनारे बनी सीमेंटेड टंकी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टंकी टूट गई और कार पलटते हुए करीब 5 से 6 मीटर गहरे नाले में जा गिरी।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल कार सवार युवकों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से कार को नहर से बाहर निकाला गया। इसके बाद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मथुरा के एसपी ग्रामीण सुरेश चंद रावत ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे की वजह तेज रफ्तार और मोड़ पर लापरवाही प्रतीत हो रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मृतकों की पहचान राहुल (23), मोहित (21), अमित (23) और एक अन्य युवक के रूप में हुई है। बताया गया है कि कार अमित चला रहा था। सभी युवक गोवर्धन क्षेत्र के निवासी थे और डीग में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे स्वजन रोते-बिलखते नजर आए।पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।