उत्तर प्रदेश के हाथरस से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। हाथरस में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। इस दर्दनाक घटना से मृतकों और घायलों के परिवारों में होली की खुशियां मातम में बदल गईं।
यह हादसा थाना सादाबाद क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 141 के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से राजस्थान के धौलपुर जा रही एक ईको वैन को पीछे से आ रही डबल डेकर बस ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको वैन में सवार 6 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। ईको वैन में कुल 13 लोग सवार थे। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि वैन का चालक सुरक्षित है।
इस मामले में हाथरस के अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि सुबह करीब 4:15 बजे दुर्घटना की सूचना मिली थी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि नोएडा से गोरखपुर जा रही डबल डेकर बस ने पीछे से ईको वैन को टक्कर मारी। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि यमुना एक्सप्रेसवे पर आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते गंभीर सड़क हादसे होते रहते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे हादसों पर रोक लगाने के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन और लापरवाह चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई बेहद जरूरी है। वाहन चालकों को भी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सतर्कता बरतनी चाहिए, क्योंकि एक छोटी सी चूक कई जिंदगियां छीन सकती है।