कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। अमांपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में कक्षा 9 की छात्रा ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है।
मृतका की बहन लक्ष्मी ने बताया कि आरोपी युवक सुभाष, जो कि दो बच्चों का पिता है, आए दिन उसकी छोटी बहन से छेड़छाड़ करता था। कई बार समझाने के बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। आरोपी की लगातार छींटाकशी और मानसिक दबाव से तंग आकर 15 वर्षीय छात्रा ने शनिवार को घर में फांसी के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। मृतका के परिजन रो-रोकर बेसुध हैं और पूरे परिवार का बुरा हाल है। ग्रामीणों ने भी आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अमांपुर थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस टीमें आरोपी युवक की तलाश में दबिश दे रही हैं।
यह घटना फिर से समाज में बढ़ रही छेड़छाड़ और नाबालिग बच्चियों पर अत्याचार की घटनाओं पर सवाल खड़ा करती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आरोपी के खिलाफ कार्रवाई हुई होती, तो शायद एक मासूम की जान बच सकती थी।
रिपोर्ट – जुम्मन कुरैशी, कासगंज