बाराबंकी। उप्र के बाराबंकी जिले में आज शनिवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, बाराबंकी में बहराइच हाईवे पर खड़ी डबल डेकर बस में तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 14 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से चार की हालत नाजुक होने पर उन्हें लखनऊ केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है।
हादसा रामनगर थाना क्षेत्र के महंगूपुर गांव के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक, शनिवार तड़के करीब 3:30 बजे एक डबल डेकर बस रुपईडीहा से गोवा जा रही थी। बस में 60 यात्री सवार थे। बस जब महंगूपुर गांव के पास पहुंची तो उसका टायर पंचर हो गया। बस चालक ने हाईवे के किनारे बस रोककर स्टेपनी बदलने लगा।
इस दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। बस में सवार 18 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़ कर मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे में घायल 18 यात्रियों को बाहर निकाल कर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने चार यात्रियों को मृत घोषित कर दिया। जबकि चार को गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। अन्य यात्रियों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एएसपी नॉर्थ पूणेंदु सिंह ने बताया कि सभी यात्री मजदूर वर्ग के हैं। शवों को पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। बाकी के यात्रियों को दूसरी बस से घर वापस भेजा जा रहा है।