मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। मॉर्निंग वॉक पर निकले एक वकील की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान राजीव सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से अधिवक्ता थे। बताया जा रहा है कि वे सुबह टहलने के लिए निकले थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया। बदमाशों ने बेहद नजदीक से देसी कट्टे से उनके सीने पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह पूरी घटना कटरा कोतवाली क्षेत्र के सदभावना नगर इलाके की बताई जा रही है। वारदात की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह घटना दिनदहाड़े अंजाम दी गई। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में देखा जा सकता है कि एक आरोपी सफेद कपड़ों में आता है और बेहद करीब से गोली मार देता है। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अपने साथी के साथ बाइक से फरार होने की कोशिश करता है। हालांकि, बाइक स्टार्ट करने में उन्हें कुछ देर तक मशक्कत करनी पड़ती है।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर बढ़ते हैं, लेकिन बदमाश हथियार दिखाकर उन्हें डराते हैं और वहां से भाग निकलते हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक और अपर पुलिस अधीक्षक नगरनितेश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश में जुटी हुई है। फिलहाल, हत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।