समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने देश में एलपीजी सिलेंडर की कमी को लेकर केंद्र सरकार और Bharatiya Janata Party पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जो सरकार लोगों को रोजगार और नौकरी नहीं दे पाई, वही अब एलपीजी जैसी जरूरी सुविधा भी उपलब्ध कराने में असफल साबित हो रही है।
प्रदेश में एलपीजी सिलेंडरों की कथित कमी और गैस एजेंसियों के बाहर लग रही लंबी कतारों को लेकर अखिलेश यादव लगातार सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान है, लेकिन सरकार केवल घोषणाओं और प्रचार में व्यस्त दिखाई दे रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि आज के दौर में लोग रोजगार और नौकरी चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार न तो रोजगार दे पाई और न ही लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा कर पा रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के लोगों ने एलपीजी का नया नाम ही रख दिया है— ‘लापता गैस’। उनके अनुसार यह अब ‘लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस’ नहीं बल्कि ‘लापता गैस’ बन गई है।
अखिलेश यादव ने महंगाई के मुद्दे को भी उठाया और कहा कि केवल गैस ही नहीं, बल्कि डीजल, पेट्रोल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतें भी लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार देश को विश्व गुरु बनाने का सपना दिखाती है, लेकिन मौके आने पर उन्हें खो देती है।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय हालात का जिक्र करते हुए कहा कि यदि सही समय पर भारत की भूमिका मजबूत होती और अमेरिका व ईरान के बीच तनाव को कम करने की कोशिश सफल रहती, तो हालात अलग हो सकते थे। उनके मुताबिक, उस स्थिति में भारत वैश्विक स्तर पर बड़ी भूमिका निभा सकता था।