अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में सोमवार को एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से चार महिला मजदूरों की मौत हो गई,जबकि आठ महिला मजदूर और एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की जानकारी मिलने पर डीएम निधि गुप्ता वत्स व पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेकर जरुरी निर्देश दिए हैं।
हादसा रजवपुर थाना क्षेत्र के अतरासी गांव के पास पटाखा फैक्ट्री में उस वक्त हुआ, जब 15 से अधिक महिला और पुरुष मजदूर फैक्ट्री में बनाए गए पटाखों को पैक करने का काम कर रहे थे, तभी अचानक पटाखों में विस्फोट हुआ और काम कर रहीं महिला मजदूरों में से चार महिला मजदूरों की मौके पर मौत हो गई, जबकि आठ महिला मजदूर और एक पुरुष गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसा इतना भयानक था कि जब फैक्ट्री में विस्फोट हुआ तो हादसे में महिला मजदूरों के क्षत-विक्षत हालत में बिखरे हुए शव मिले। जो लोग विस्फोट होने के दौरान झुलसे थे, वो लोग जान बचाने की गुहार लगा रहे थे, लेकिन मौके पहुंचे पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने देर किए बिना गंभीर जख्मी महिला मजदूरों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल हादसे के दौरान झुलसकर जख्मी हुईं महिला मजदूरों में तीन की हालत गंभीर बनी है।