गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बुधवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब एक जंगली तेंदुआ एनडीआरएफ रोड स्थित ग्रीन फील्ड स्कूल के परिसर में घुस आया। घटना सुबह करीब छह बजे की है।
स्कूल के सुरक्षाकर्मी ने मैदान में तेंदुए को टहलते देखा और तत्काल प्रबंधन को सूचना दी। सीसीटीवी फुटेज में तेंदुआ क्लासरूम के दरवाजे तक पहुंचता दिखा, हालांकि दरवाजे बंद होने के कारण वह अंदर नहीं जा सका। करीब दो मिनट तक परिसर में घूमने के बाद तेंदुआ दीवार फांदकर बाहर निकल गया।
परीक्षा रद्द, अभिभावकों को अलर्ट
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने एहतियातन कक्षा 11 की निर्धारित परीक्षा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी। अभिभावकों को संदेश भेजकर बच्चों को स्कूल न भेजने की अपील की गई। समय रहते तेंदुए की मौजूदगी का पता चलने से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य के अनुसार, मंगलवार रात को भी इसी इलाके में तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिली थी। फिलहाल स्कूल परिसर को खाली करा लिया गया है और सभी प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए हैं।
वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। तेंदुए को पकड़ने के लिए आसपास के इलाकों में जाल बिछाए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर एनडीआरएफ रोड पर बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है।
वन विभाग के विशेषज्ञ सीसीटीवी फुटेज और पैरों के निशानों के आधार पर तेंदुए की तलाश कर रहे हैं। प्रशासन ने स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है। तेंदुए को पकड़ने तक सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।