सोनभद्र| उत्तर प्रदेश में शनिवार को एक गंभीर दुर्घटना हुई, जहां कृष्णा माइंस की एक खदान अचानक धंस गई। हादसे में 15 से ज्यादा मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका है। अब तक एक कर्मचारी की मौत की पुष्टि हुई है। प्रशासन और बचाव दल तेजी से रेस्क्यू अभियान चला रहे हैं।
काम के दौरान गिर गई भारी चट्टान
जानकारी के अनुसार, खदान के अंदर काम चल रहा था, तभी अचानक पत्थर की एक भारी दीवार टूटकर गिर पड़ी, जिससे मजदूर दब गए। हादसे के तुरंत बाद अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस और प्रशासन को जानकारी दी।
मौके पर पहुंचे मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी
सूचना मिलते ही समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव सिंह गोंड, जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, साथ ही खनन विभाग और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। भारी मशीनों की मदद से राहत कार्य जारी है।
स्थिति गंभीर, बचाव कार्य तेज
जिला मजिस्ट्रेट बी.एन. सिंह ने बताया कि यह बेहद गंभीर हादसा है और कई मजदूरों के अंदर फंसे होने की आशंका है। उन्होंने कहा,
“कृष्णा माइंस की एक दीवार अचानक गिरने से मजदूर मलबे में दब गए हैं। बचाव कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।” स्थानीय प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है और मजदूरों को सुरक्षित निकालने की कोशिशें जारी हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव और चिंता का माहौल है।