मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में गौरक्षक संत चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आगरा-दिल्ली हाईवे को जाम कर दिया और पुलिस पर पथराव किया, जिसमें प्रशासनिक और पुलिस की गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है।
बताया जा रहा है कि कोसीकलां थाना क्षेत्र के नवीपुर गांव में ‘फरसा वाले बाबा’ को इलाके में गौतस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद वह अपनी टीम के साथ कथित तस्करों का पीछा करने निकले। आरोप है कि इसी दौरान एक ट्रक ने उनकी गाड़ी को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, पुलिस इस घटना को हत्या नहीं बल्कि सड़क हादसा मान रही है और जांच जारी है।
घटना की खबर फैलते ही इलाके में गुस्सा भड़क उठा। बड़ी संख्या में गौरक्षक छाता कट के पास इकट्ठा हो गए और आगरा-दिल्ली हाईवे को जाम कर दिया। हालात बिगड़ने पर भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।
इस बीच, प्रदर्शनकारियों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ने का दावा किया, जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।
घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और किसी को भी बख्शा न जाए। वहीं, एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने भी मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई तेज कर दी है।