लखनऊ। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और महाराजगंज लोकसभा सीट से सातवीं बार सांसद बने पंकज चौधरी ने उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके प्रस्तावक बने। निर्धारित समय सीमा दोपहर 3 बजे तक पंकज चौधरी के अलावा किसी अन्य उम्मीदवार का नामांकन नहीं होने से उनका निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, रविवार को उनके नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी। यह घोषणा लखनऊ में पार्टी के एक कार्यक्रम में होने की संभावना है, जहां केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नामों का भी ऐलान किया जाएगा। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद 14 दिसंबर को औपचारिक रूप से अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया पूरी होगी।
पंकज चौधरी के नामांकन के प्रस्तावकों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, स्मृति ईरानी, सुरेश खन्ना, स्वतंत्रदेव सिंह, सूर्य प्रताप शाही और बेबी रानी मौर्य शामिल हैं। भाजपा की परंपरा के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आमतौर पर एक ही नामांकन किया जाता है।
ओबीसी वर्ग की कुर्मी जाति से आने वाले पंकज चौधरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का भरोसेमंद माना जाता है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में ओबीसी, विशेषकर कुर्मी समुदाय में सामने आई नाराजगी को दूर करने की दिशा में उनके चयन को अहम कदम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि पंकज चौधरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोनों ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के पड़ोसी जिलों महाराजगंज और गोरखपुर से आते हैं। यूपी भाजपा की कमान अब पंकज चौधरी के हाथों में सौंपे जाने की औपचारिक घोषणा का इंतजार है।