सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। एक कमरे के भीतर अशोक, उनकी पत्नी अंजिता, मां विद्यावती और दो मासूम बेटे कार्तिक व देव मृत अवस्था में पाए गए। सभी के सिर पर गोली लगने के निशान थे। मौके से तीन तमंचे भी बरामद किए गए हैं। अशोक और उनकी पत्नी के शव कमरे के फर्श पर थे, जबकि मां और दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े मिले। यह हृदय विदारक घटना सरसावा थाना क्षेत्र की कौशिक विहार कॉलोनी की बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। एसपी देहात सागर जैन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू की। डीआईजी अभिषेक सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे से तीन हथियार बरामद किए हैं और मृतकों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए हैं। मामले की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और घर को सील कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, अशोक को अपने पिता के निधन के बाद मृतक आश्रित कोटे में नौकरी मिली थी और वह नकुड़ तहसील में कार्यरत थे। वे मूल रूप से खारीबांस गांव के रहने वाले थे और बीते दो साल से कौशिक विहार कॉलोनी में मांगे राम के मकान में किराए पर रह रहे थे।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सरसावा के सावन विहार में रहने वाली अशोक की बहन पिंकेश ने मंगलवार सुबह भाई को फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। अनहोनी की आशंका होने पर वह अपने बेटे प्रीत के साथ अशोक के घर पहुंचीं। घर का दरवाजा अंदर से बंद था और काफी आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद प्रीत ने सीढ़ी के सहारे घर में प्रवेश कर दरवाजा खोला। अंदर का मंजर देखकर दोनों स्तब्ध रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल पुलिस हर संभावित पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि इस सामूहिक मौत के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।