संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के गांव पोटा में रविवार शाम आवारा कुत्तों के झुंड ने 9 साल की मासूम बच्ची पर हमला कर उसकी जान ले ली। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी विनोद उर्फ बंटी की बेटी रिया गौतम अपनी मां और दादी के साथ बकरी और भैंसों के लिए चारा लेने जा रही थी। मां और दादी आगे चल रही थीं, जबकि रिया कुछ दूरी पर पीछे थी। इसी दौरान अचानक 10 से 12 आवारा कुत्तों ने बच्ची को घेर लिया और उस पर हमला कर दिया।
बच्ची की चीखें सुनकर परिजन और आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर दौड़े। लोगों ने शोर मचाकर किसी तरह कुत्तों को भगाया, लेकिन तब तक रिया गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। हमले में बच्ची का एक हाथ शरीर से अलग हो गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद काफी देर तक बच्ची के कटे हुए हाथ की तलाश की गई, लेकिन वह नहीं मिल सका। गांव के लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक है और बीते महीनों में ये कुत्ते दो दर्जन से अधिक लोगों को काट चुके हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और आगे की जांच जारी है।