कानपुर के एक प्रसिद्ध गणेश मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। शातिर चोरों ने मंदिर से चांदी के मुकुट चुरा लिए। जानकारी के मुताबिक, मंदिर में रखे 10 मुकुटों में से 7 मुकुट चोरी कर लिए गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में चोर हेलमेट पहनकर वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि उनके साथ एक महिला भी दिखाई दे रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी और हरवंश मोहाल थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान में जुट गई है।घटना की जानकारी मिलते ही सपा विधायक अमिताभ बाजपेई भी मंदिर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, यह मंदिर पहले भी धमकियों के कारण चर्चा में रह चुका है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी हुई है।