कानपुर| उत्तर प्रदेश के कानपुर में रविवार रात एक वीडियो वायरल होने के बाद हंगामा खड़ा हो गया। रावतपुर थाना क्षेत्र में शहर के एक प्रसिद्ध मंदिर के महंत प्रशांत गिरी उर्फ गोलू महाराज का होटल में नॉनवेज खाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद भक्तों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी फैल गई।
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने महंत पर आस्था के साथ खिलवाड़ और पाखंड का आरोप लगाया। बताया जा रहा है कि जैसे ही महंत मंदिर परिसर में पहुंचे, वहां मौजूद लोगों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। महिलाओं और पुरुषों की भीड़ ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे महंत घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह महंत को भीड़ के चंगुल से निकालकर थाने ले गई। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक प्रशांत गिरी उर्फ गोलू महाराज शहर के भूतेश्वर मंदिर के पुजारी हैं। आरोप है कि उन्होंने होटल में नॉनवेज भोजन किया, जिसका फोटो और वीडियो सामने आने के बाद मंदिर आने वाले श्रद्धालु और स्थानीय लोग भड़क गए। लोगों का कहना है कि मंदिर का पुजारी होकर ऐसा करना सनातन धर्म और भक्तों की आस्था का अपमान है। भीड़ ने महंत पर लात-घूंसे और डंडों से हमला किया। हालांकि पुलिस ने समय रहते मौके पर पहुंचकर उन्हें भीड़ से बचा लिया। फिलहाल महंत की हालत सामान्य बताई जा रही है और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
महंत की शिकायत के आधार पर रावतपुर थाना पुलिस ने मारपीट करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। हालांकि अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। कई लोग महंत की हरकत पर नाराजगी जता रहे हैं, जबकि घटना के बाद महंत खुद भी डरे हुए बताए जा रहे हैं और फिलहाल मंदिर नहीं जा रहे हैं।