करनाल। करनाल में मधुबन स्थित हरियाणा पुलिस अकादमी के परिसर में 73वें अखिल भारतीय पुलिस वॉलीबाल क्लस्टर 2024-25 का समापन हुआ। जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि आप लोग नागरिकों की सेवा में दिन-रात लगे रहते हैं। आपके कारण ही देश में शांति और व्यवस्था बनी रहती है, कोई भी परिस्थिति हो आपदा या दुर्घटना हो हमारी पुलिस सदैव अग्रिम पंक्ति में खड़ी रहती है। उन्होंने कहा कि मुझे यह देखकर प्रसन्नता होती है कि हमारी पुलिस न केवल अपने कर्तव्य को निभा रही हैं बल्कि खेलों में भी अपनी छाप छोड़ रहे हैं। इन खेलों में आपने जो प्रदर्शन किया है। वह आपके साहस, अनुशासन और समर्पण का प्रमाण है। इन खेल प्रतियोगिताओं में आपको अपनी क्षमता, दक्षता प्रदर्शित करने का तो अवसर मिला ही साथ ही एक दूसरे की भावनाओं, मान्यताओं और रहन-सहन के बारे में भी जानकारी मिली है।
उन्होंने कहा कि देशभर से आए पुलिस बलों के खिलाड़ी यहां से एक नई प्रेरणा लेकर जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे खुशी है कि अभी हाल ही में प्रदेश के 11 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को देश की माननीय राष्ट्रपति से सम्मानित होने का अवसर मिला है। इन खिलाड़ियों में से एक को मेजर ध्यानचंद अवार्ड, 10को अर्जुन अवार्ड और एक को द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित किया गया है। नायब सैनी ने कहा कि पेरिस ओलंपिक में 6पदों में से पांच हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं, जबकि इससे पहले टोक्यो ओलंपिक में भी हरियाणा के खिलाड़ियों ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धियां हरियाणा की दूरदर्शी खेल नीतियों का ही परिणाम है। उन्होंने कहा कि हमने उत्कृष्ट खिलाड़ियों के रोजगार को सुनिश्चित करने के लिए उत्कृष्ट खिलाड़ी सेवा नियम 2021 बनाये है। इसके तहत खेल विभाग में 550 नए पद भी बनाए हैं। इसके अलावा हमने 224 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी है।
प्रदेश भर में खेल नर्सरियां खोली गई है- सीएम सैनी
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि सरकारी नौकरियों में क्लास वन से क्लास 4th तक सीधी भर्ती में आरक्षण का प्रावधान किया है। नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा देश का ऐसा पहला राज्य है जो पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सर्वाधिक नकद पुरुष्कार देता है। इसके तहत अब तक हमने खिलाड़ियों को 593करोड़ रुपए के नगद पुरस्कार प्रदान किए हैं। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 298खिलाड़ियों को मानदेय देने का काम भी हम कर रहे है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को बचपन से ही निखारने के लिए हमने प्रदेश भर में खेल नर्सरियां खोली है।