मुंबई: मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार तड़के एक तेज रफ्तार BMW भीषण हादसे का शिकार हो गई। लोटस जेट्टी के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दीवार से टकराई और ऊंचाई वाले हिस्से से नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5:20 बजे लाला लाजपतराय कॉलेज के सामने लोटस जेट्टी के पास हुआ। BMW मरीन ड्राइव से हाजी अली की तरफ जा रही थी। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और BMW पहले बाउंड्री वॉल से टकराई, फिर नीचे जा गिरी।
मुंबई के कोस्टल रोड पर तेज रफ्तार से जा रही एक BMW कार पुल से नीचे गिर गई. इस दौरान हादसे में कार में सवार 4 युवकों में से 3 की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि 1 युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. #BMW #MUMBAI pic.twitter.com/AWzwJMbWBw
— Versha Singh (@Vershasingh26) September 20, 2026
चार लोग थे कार में सवार
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। कार में सवार चारों लोगों को बाहर निकालकर तत्काल नायर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 21 वर्षीय शनाय गज्जल और 17 वर्षीय धैर्य सेठ के रूप में हुई है। करीब 25 साल के एक अन्य युवक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। वहीं, लगभग 20 साल का चौथा युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका ट्रॉमा वार्ड में इलाज चल रहा है।
टक्कर इतनी जोरदार कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
हादसा इतना भीषण था कि BMW का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार की छत अंदर की ओर दब गई, जबकि विंडशील्ड पूरी तरह टूट गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, नीचे गिरने से पहले कार सड़क किनारे लगे एक साइनबोर्ड से भी टकराई थी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से जुड़े CCTV फुटेज और हादसे की परिस्थितियों को खंगाला जा रहा है।
तेज रफ्तार को माना जा रहा शुरुआती कारण
पुलिस की शुरुआती जांच में तेज रफ्तार हादसे की संभावित वजह मानी जा रही है। हालांकि, अभी दुर्घटना के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे से ठीक पहले कार किस गति से चल रही थी और चालक ने किस परिस्थिति में वाहन से नियंत्रण खोया।