लखनऊ के कल्याणपुर इलाके में भटक कर आये तेंदुए की दहशत लोगों में बरकरार है। वन विभाग की टीम 4 दिन बाद भी तेंदुए को पकड़ने में नाकाम रही है। जिसे देखते हुए वन विभाग की टीम ने लोगों को सतर्क रहने की अपील किया है। इसके साथ ही विभाग की तरफ से स्थानीय लोगों में जागरुकता के लिए पर्चे बांटे गये। साथ ही टॉर्च-लाठी लेकर निकलने व तेंदुआ दिखने पर विभाग के हेल्प लाइन नंबरों पर सूचित करने की अपील की गई है। वहीं तेंदुए को ढूढ़ने और निगरानी व गश्त के लिए पांच टीमें गठित की गईं हैं।
बीते दो दिनसे शहर में तेंदुए को नहीं देखा गया है, इसके बावजूद भी लोगों में तेंदुए को ले कर डर बना हुआ है। लखनऊ के लोगों कि रातें दहशत में कट रही हैं। आपको बता दें कि स्थानीय लोग तेंदुए के आतंक से इतने सेहम गए हैं कि वो अपनी सुरक्षा का ज़िम्मा खुद उठाने पर मजबूर हैं। लोग अपने घरों में दुबके बैठे हैं। कुछ डर कर अपने घरों में हनुमान चालीसा का जाप कर रहे हैं तो कुछ घरों से बहार कदम तक नहीं रख रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वन विभाग तेंदुए को पकड़ने में लापरवाही बरत रहा है।
जानकारी के मुताबिक लोग अपने घरों में तेज़ म्यूजिक बजा कर तेंदुए को घरों से दूर रखने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही जिन इलाकों में तेंदुए को देखा गया है, उन इलाकों के लोग दहशत में रात-रात भर सो भी नहीं पा रहे हैं। लोगों का कहना है कि वन विभाग का रवैया काफी ढीला था और उनके पास तेंदुए को पकड़ने के लिए पर्याप्त हथियार और इन्तेज़ामात भी नहीं थे।