हिसार। हरियाणा के हिसार जिले में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एडीजीपी कार्यालय में तैनात सब-इंस्पेक्टर रमेश कुमार की उनके घर के बाहर ईंट-पत्थरों और डंडों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात ढाणी श्यामलाल इलाके की गली नंबर-3 में हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, रात करीब साढ़े 10 बजे कुछ युवक शराब के नशे में गली में हुड़दंग मचा रहे थे। वे गाली-गलौज और शोर-शराबा कर रहे थे, जिससे स्थानीय लोग परेशान हो गए। इसी दौरान रमेश कुमार ने बाहर आकर युवकों को समझाया और ऐसा व्यवहार बंद करने को कहा। युवक उस वक्त तो चले गए, लेकिन कुछ देर बाद बदला लेने की नीयत से फिर लौट आए।
करीब एक घंटे बाद आरोपी एक कार और दो बाइकों पर सवार होकर रमेश के घर के बाहर पहुंचे और फिर से गाली-गलौज करने लगे। जब रमेश ने दोबारा रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने ईंटें और डंडे उठाकर उन पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने बेरहमी से पीटकर रमेश कुमार की मौके पर ही हत्या कर दी।
परिवार और पड़ोसी शोर सुनकर बाहर आए, लेकिन तब तक हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। वे अपनी कार और दो मोटरसाइकिलें मौके पर ही छोड़ गए, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। घटना की सूचना मिलते ही हिसार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं। बताया जा रहा है कि हमलावरों की संख्या 8 से 9 के बीच थी। छोड़ी गई गाड़ियों के आधार पर उनकी पहचान जल्द की जा सकती है।
गौरतलब है कि मृतक रमेश कुमार पुलिस विभाग में लंबे समय से सेवा दे रहे थे और जनवरी 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले थे। उनका परिवार भी पुलिस सेवा से जुड़ा हुआ है। पुलिस का कहना है कि यह मामला बेहद गंभीर है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।